95 मेधावी विद्यार्थियों का भव्य सम्मान, गूंजा तालियों से विद्यालय प्रांगण
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिला मुख्यालय स्थित प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित भव्य पारितोषिक वितरण समारोह प्रतिभा और परिश्रम का उत्सव बन गया। कक्षा एक से आठ तक के कुल 95 मेधावी विद्यार्थियों को पूर्व कक्षा की परीक्षाओं में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने पर प्रमाणपत्र एवं सम्मान प्रदान कर गौरवान्वित किया गया। विद्यालय परिसर में सजे मंच, उत्साहित विद्यार्थियों और गर्वित अभिभावकों की उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया। संस्था निदेशक निर्मल कालेर ने बताया कि मेधावी छात्रों को सम्मानित करना विद्यालय की गौरवशाली परंपरा है। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण को प्रोत्साहित करना है। समारोह को संबोधित करते हुए प्रिंस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. जीएल कालेर ने कहा कि परिश्रम और लगन से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थी न केवल अपने विद्यालय, बल्कि अपने माता-पिता और समाज का भी नाम रोशन करते हैं।
उन्होंने पुरस्कृत विद्यार्थियों को भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों को छूने का संकल्प लेने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रतिभाओं को सम्मानित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा जगाते हैं। संस्थान एकेडमिक डायरेक्टर समीर शर्मा, प्रिंसिपल डॉ. अनिता पंत शर्मा, महेंद्र सैनी सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सम्मानित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर प्रसन्नता और गर्व स्पष्ट झलक रहा था। विद्यालय प्रबंधन ने पुनः दोहराया कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास ही उनका मूल उद्देश्य है और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना उनकी सतत प्रतिबद्धता का हिस्सा है।












