देर रात तक चला कार्यक्रम, फाल्गुनी गीतों पर झूमे श्रद्धालु
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
फाल्गुन शुक्ल बारस के अवसर पर झुंझुनूं शहर के श्याम मंदिरों में भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। राणी सती रोड स्थित श्याम मंदिर में रंगीलो श्याम फागोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। श्री श्याम चेरिटेबल ट्रस्ट के विनोद कुमार सिंघानिया ने बताया कि फागोत्सव में फतेहपुर की महादेव ढप मंडली ने पारंपरिक राजस्थानी लोक वाद्य ढप, चंग और बांसुरी की मधुर थाप पर धमालों की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं जयपुर से आए कलाकारों ने कृष्ण-राधा नृत्य नाटिका से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण करीब एक क्विंटल फूलों की होली रही। जैसे ही फूलों की वर्षा हुई। मंदिर परिसर भक्तिरस और फाल्गुनी रंगों से सराबोर हो उठा।
उपस्थित श्रद्धालु भी फाल्गुनी गीतों और राधा-कृष्ण भजनों पर झूमते नजर आए। इस अवसर पर श्रीश्याम मंदिर का भव्य शृंगार किया गया। कार्यक्रम में श्री श्याम चेरिटेबल ट्रस्ट के विनोद कुमार सिंघानिया, अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष गणेश हलवाई, स्टेट जीएसटी के जॉइंट कमिश्नर उमेश जालान, श्री गोपाल गौशाला के अध्यक्ष प्रमोद खंडेलिया, मंत्री प्रदीप पाटोदिया, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नवल खंडेलिया, वरिष्ठ अधिवक्ता संजय शर्मा और रितेश सिंघानिया सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। देर रात तक चले इस आयोजन ने होली के मौसम की रौनक को और बढ़ा दिया। पिछले दो दिनों से शहर में लगातार फाल्गुनी कार्यक्रमों का दौर जारी है और हर ओर ढप, चंग व धमाल की सुरीली गूंज सुनाई दे रही है।
इस मौके पर सीए पवन केडिया, अशोक केडिया नीटू, अनूप गाडिया, श्रीकांत पंसारी, पूर्व पार्षद प्रमोद जानूं, अंकुर टीबड़ेवाला, सीए लोकेश अग्रवाल, रघुनाथप्रसाद पोद्दार, कैलाशचंद्र सिंघानिया, संजय नांगलिया, राजकुमार सिंघानिया, पवन कुमार केजड़ीवाल, रमाकांत मोदी, रोमी रमन पंसारी, सुशील रिंगसिया, दिनेश अग्रवाल, पवन महमिया सहित अनेक गणमान्यजन, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित थे।












