जयपुर के कलाकारों ने थियेटर से दिया संदेश, देशभक्ति की प्रस्तुतियों ने बांधा समा

0
58

टीम टैलेंट्स विला, चूरू की तरफ से टाउन हॉल में में हुआ “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम

चूरू। टीम टैलेंट्स विला, चूरू द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या “एक शाम शहीदों के नाम” चूरू के टाउन हॉल चूरू में संपन्न हुई। यह आयोजन देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्रप्रेम, नैतिकता और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाला प्रेरणादायक मंच बना। कार्यक्रम का शुभारंभ नीतू नेहरा एवं प्रायोजक पवन जांगिड़ (चंदन कलाकृति कलाकार) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सभागार “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के उद्घोष से गूंज उठा तथा उपस्थित जनसमूह ने खड़े होकर शहीदों को नमन किया। संस्था के संस्थापक प्रदीप कत्थक ने स्वागत भाषण में कहा कि टैलेंट्स विला का उद्देश्य शहर की विविध प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है और यह मंच सदैव कलाकारों के लिए खुला रहेगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में मोनिका द्वारा प्रस्तुत “संदेशे आते हैं” ने हर हृदय को भावुक कर दिया। विशाखा सोनगरा के नृत्य “स्वरागिनियों से सजा भारत” ने देशभक्ति की सुंदर अभिव्यक्ति दी, वहीं बजरंग कत्थक ने “भारत माँ की संताने हम” से जोश भर दिया। पिंटू शर्मा ‘भारतीय’ की वीर रस कविता “रण भौम धरम निभावण ने” ने उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम का सबसे मार्मिक क्षण तब आया जब विनोद स्वामी ने “एक शहीद की बेटी” का एकल अभिनय प्रस्तुत किया। उनकी संवेदनशील अभिव्यक्ति ने पूरे सभागार को भाव-विभोर कर दिया और कई दर्शकों की आंखें नम हो गईं। पूर्वाक्षी सैनी के नृत्य “ऐ वतन आबाद रहे तू” को खूब सराहा गया। कविता पाठ में पृथ्वी की “भगत सिंह”, सचिन राजगढ़ की “एक भारत की पुकार”, लक्की रामगढ़ की देशभक्ति रचना, चार्विक की “शहीद की अंतिम चिट्ठी” तथा मनीष शर्मा के विचारोत्तेजक प्रस्तुतीकरण ने शहीदों के बलिदान को शब्दों में सजीव कर दिया। आशीष गौतम आशु ने हास्य व्यंग्य की कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम को परवान चढ़ाया। अनिका की प्रस्तुति “स्वतंत्रता एक संग्राम” भी प्रभावशाली रही। कार्यक्रम में जयपुर से आई विश्लेषण नाट्य ग्रुप ने जयवर्धन लिखित प्रसिद्ध हास्य-व्यंग्य नाटक “गोरखधंधा” का मंचन किया। नाटक ने समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, लालच और अनैतिक प्रवृत्तियों पर तीखा प्रहार करते हुए दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर किया। उमेश शर्मा, हितेंद्र जोशी, नीतू मिश्रा, देवांग सैनी, सोनू शर्मा, भीमा नाथ योगी और सच्चिदानंद मेहरा के प्रभावशाली अभिनय ने प्रस्तुति को सशक्त बनाया। नाटक के माध्यम से ईमानदारी, संतोष और नैतिक जीवन के महत्व का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा व प्रशिक्षु डीएसपी स्वाति ने युवाओं को शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन मुकुल भाटी एवं मीनाक्षी पूनिया ने किया तथा अंत में पूनम शर्मा ने आभार व्यक्त किया। यह संध्या केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं रही, बल्कि हर हृदय में राष्ट्रप्रेम की लौ प्रज्वलित कर गई, जो लंबे समय तक स्मृतियों में उज्ज्वल बनी रहेगी।

ओम कॉलोनी अंडरब्रिज की डिजाइन पर बवाल, फाटक यथावत रखने की मांग | फाटक बंद हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन |

राजस्थान बजट 2026 ऐतिहासिक: राजेन्द्र राठौड़ | चहुँमुखी विकास वाला बताया

‘एक शाम शहीदों के नाम’ | देशभक्ति गीत-कविता से भावुक हुआ सभागार

चूरू आयुष शिविर में 700 मरीजों का उपचार | विधायक हरलाल सहारण ने की सराहना

चूरू में लग्जरी कार से 2 किलो अफीम बरामद | NH-52 पर DST-Sadar पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here