संगठन को मजबूत करने, शिक्षा विस्तार, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण को बताया प्राथमिक लक्ष्य
चूरू। पार्कों का नोहरा के पास रविवार शाम आयोजित एक सादे समारोह में अखिल भारतीय कुशवाहा माली महासभा के प्रदेश अध्यक्ष गजानन सैनी का सम्मान किया गया। इस दौरान समाजजनों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष पीठाराम सैनी, प्रदेश संगठन सचिव सुभाष सैनी, चूरू जिला अध्यक्ष रामजी सैनी और जिला महासचिव विनोद सैनी विशेष रूप से मौजूद रहे।अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गजानन सैनी ने कहा कि समाज को संगठित, शिक्षित और जागरूक रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं से समाज की मुख्यधारा में आगे आने का आह्वान किया तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा में कार्य कर अपने हक और अधिकारों के प्रति सजग रहने की बात कही। उन्होंने संगठन की मजबूती को सामाजिक विकास की पहली शर्त बताया।चूरू प्रवास के दौरान गजानन सैनी ने जिला कार्यकारिणी की गतिविधियों का जायजा लेकर आगामी कार्य योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा का विस्तार, युवाओं को कौशल विकास से जोड़ना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना संगठन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने समाज में एकजुटता बनाए रखने तथा सामाजिक हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया। अंत में चूरू के समाजजनों द्वारा दिए गए स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की मजबूती के साथ समाज नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।











