मारपीट, झगड़ा और साइबर फ्रॉड मामलों में की गई सख्त कार्रवाई
राजलदेसर। जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव के निर्देशानुसार राजलदेसर थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई का नेतृत्व राजलदेसर थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने किया। थाना प्रभारी ने बताया कि 34 वर्षीय शंकर उर्फ नवल कुमार प्रजापत, निवासी राजलदेसर, के खिलाफ वर्ष 2023 में मारपीट के मामले में न्यायालय में चालान पेश किया गया था। शंकर की जमानत जब्त होने के बाद न्यायालय अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रतनगढ़ द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। रविवार को पुलिस टीम ने शंकर को बस स्टैंड राजलदेसर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने 12 जून 2025 की रात, बाबा होटल राजलदेसर पर हुए दो पक्षों के झगड़े के मामले में पुलिस ने शांति भंग के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार पुलिस ने विकास (24) पुत्र सुखानंद जाट निवासी वार्ड नं. 3 राजलदेसर, रामचन्द्र (34) पुत्र लिछमाणाराम जाट निवासी वार्ड नं. 35 राजलदेसर व ओमप्रकाश (36) पुत्र गणेशाराम जाट निवासी वार्ड नं. 7 राजलदेसर को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 25 वर्षीय बिक्की कुमार पुत्र राजूराम वाल्मीकि निवासी वार्ड नं. 11 राजलदेसर को ऑनलाइन साइबर फ्रॉड में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।