Advertisement
Home राजस्थान चूरू मोबाइल गुम हुआ, सिम बंद कराने में देरी पड़ी भारी; खाते से...

मोबाइल गुम हुआ, सिम बंद कराने में देरी पड़ी भारी; खाते से ₹19,600 उड़ाए

साइबर ठगों ने गुम मोबाइल में सक्रिय सिम का किया दुरुपयोग, कोतवाली साइबर डेस्क ने ₹5,000 की रकम होल्ड करवाई

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

चूरू। मोबाइल फोन गुम होने के बाद सिम बंद कराने में हुई देरी एक व्यक्ति को भारी पड़ गई। साइबर ठगों ने गुम हुए मोबाइल में सक्रिय सिम का कथित दुरुपयोग करते हुए बैंक खाते से ₹19,600 निकाल लिए। शिकायत मिलते ही चूरू कोतवाली पुलिस की साइबर डेस्क सक्रिय हुई और कार्रवाई करते हुए ₹5,000 होल्ड करवाने में सफलता हासिल की।
मामला चूरू के वार्ड संख्या 30 निवासी 44 वर्षीय व्यक्ति से जुड़ा है। साइबर डेस्क इंचार्ज सुनील कुमार धायल के अनुसार मोबाइल गुम होने के बाद पीड़ित सिम बंद कराने की प्रक्रिया में जुट गया था, लेकिन तत्काल सिम बंद नहीं हो सकी। इसी बीच साइबर ठगों ने सक्रिय सिम का फायदा उठाकर बैंक खाते से रकम निकाल ली।

शिकायत मिलते ही हरकत में आई साइबर डेस्क

खाते से पैसे निकलने का पता चलने पर पीड़ित ने कोतवाली थाने की साइबर डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल ठगी की रकम को ट्रैक करने की प्रक्रिया शुरू की। त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप ₹5,000 की राशि होल्ड करवा ली गई। बाकी रकम के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

मोबाइल गुम हो तो तुरंत करें ये काम

साइबर डेस्क इंचार्ज सुनील कुमार ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देरी किए सिम बंद करवाएं। साथ ही बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर की जानकारी बैंक को देकर आवश्यक सुरक्षा कदम उठाएं।उन्होंने लोगों को सलाह दी कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराने से रकम को समय रहते होल्ड करवाने की संभावना बढ़ जाती है।

Advertisement