आईएफडब्ल्यूजे ने कलेक्टर के माध्यम से उठाई आवाज, प्रशासनिक कार्रवाई को बताया लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रहार
चूरू। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) की ओर से जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कलेक्टर अभिषेक सुराणा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र सिंह राठौड़ के साथ हुए कथित प्रशासनिक अन्याय की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान के जैसलमेर में हाल ही में घटित घटनाक्रम अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। इसमें आईएफडब्ल्यूजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौड़ के साथ प्रशासनिक स्तर पर द्वेषपूर्ण, एकपक्षीय एवं दमनात्मक कार्रवाई की गई, जो पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है।ज्ञापन के अनुसार राठौड़ वर्ष 2004 से विधिवत अनुमति के आधार पर आवंटित भूखंड पर रेस्टोरेंट संचालित कर रहे थे तथा नियमित रूप से किराया व अन्य देयकों का भुगतान कर रहे थे। बावजूद इसके नवंबर 2025 में बिना किसी लिखित आदेश के मौखिक रूप से तीन दिन में रेस्टोरेंट खाली करने के निर्देश दिए गए, जिसे संगठन ने असंवैधानिक बताया।
आरोप है कि न्यायालय से स्थगन आदेश मिलने के बावजूद प्रशासन द्वारा 23 दिसंबर को किचन सील करना, गैस सिलेंडर जब्त करना, लाइसेंस नवीनीकरण रोकना और पर्यटकों को हतोत्साहित करने जैसी कार्रवाई की गई। इसके बाद 18 फरवरी को सामान जब्त करने तथा 17 मार्च को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से रेस्टोरेंट को ध्वस्त कर दिया गया, जिससे करीब सवा करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।आईएफडब्ल्यूजे ने इस कार्रवाई को न्यायालय की भावना के विपरीत और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर आघात बताया। साथ ही बताया कि 29 मार्च को जयपुर में सैकड़ों पत्रकारों ने विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री से मिलने का प्रयास किया, लेकिन लंबे इंतजार के बावजूद सुनवाई नहीं होने पर शहीद स्मारक पर धरना शुरू किया गया, जो अब तक जारी है।ज्ञापन में मांग की गई कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही पत्रकार प्रतिनिधिमंडल को प्रधानमंत्री से मिलने का समय देने का अनुरोध भी किया गया, ताकि वे प्रत्यक्ष रूप से अपनी बात रख सकें।इस अवसर पर अमित तिवारी, मोहम्मद अली पठान, मनोज शर्मा, अख्तर मुगल, राजेंद्र सिंह शेखावत, आकाश सैनी सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू













