करीब 40 साल बाद हुए चुनाव में राजेश बजाड़ बने जिलाध्यक्ष
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
करीब चार दशक बाद झुंझुनूं में हुए मंत्रालयिक कर्मचारी समन्वय समिति के चुनावों ने जिलेभर के कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह से हिस्सा लिया। लंबे इंतजार के बाद हुए इन चुनावों के परिणाम देर रात घोषित किए गए। जिसमें जिलाध्यक्ष पद पर राजेश बजाड़ ने जीत दर्ज की। राजेश बजाड़ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद शाहिद खान को कड़े मुकाबले में 13 वोटों से पराजित किया।

राजेश बजाड़ को कुल 387 वोट प्राप्त हुए। जबकि मोहम्मद शाहिद खान को 374 वोट मिले। इसके अलावा विवेक कसाना को 219 तथा योगेश जांगिड़ को 189 वोटों से संतोष करना पड़ा। मुकाबला अंत तक रोमांचक बना रहा। परिणाम को लेकर कर्मचारियों में उत्सुकता बनी रही। प्रतिनिधि परिषद के 10 सदस्य पदों के लिए कुल 11 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें सर्वाधिक वोट प्राप्त करने वाले 10 उम्मीदवारों को सदस्य निर्वाचित घोषित किया गया। सबसे अधिक 917 वोटों के साथ कपिल बुरड़क पहले स्थान पर रहे। इसके बाद 798 वोटों के साथ सुनिल कुमार दूसरे, 791 वोटों के साथ अनिल कुमार तीसरे, 784 वोटों के साथ अरविन कुमार चौथे और 780 वोटों के साथ प्रदीप ढाका पांचवें स्थान पर रहे। 756 वोटों के साथ दिनेश कुमार छठे, 720 वोटों के साथ यतेन्द्र सिंह सातवें, 698 वोटों के साथ राजेंद्र कुमार जांगिड़ आठवें और 648 वोटों के साथ सुरेश कुमार सैनी नौवें स्थान पर सदस्य चुने गए। सबसे दिलचस्प मुकाबला 10वें और 11वें स्थान को लेकर रहा, जहां महेंद्र सिंह धायल 641 वोटों के साथ 10वें स्थान पर निर्वाचित हुए, जबकि शैतान सिंह 634 वोटों के साथ 11वें स्थान पर रहकर मात्र 7 वोटों से चुनाव हार गए। चुनावों में कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 1374 मतदाताओं में से 1209 कर्मचारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो कि 87.99 प्रतिशत मतदान दर्शाता है। हालांकि अध्यक्ष पद के लिए 40 मत निरस्त भी हुए। मतदान के लिए झुंझुनूं जिला मुख्यालय के साथ-साथ नवलगढ़, उदयपुरवाटी, खेतड़ी, बुहाना और चिड़ावा में मतदान केंद्र बनाए गए थे। जहां सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष राजेश बजाड़ को ऊंट पर बैठाकर विजयी जुलूस निकाला गया। इस दौरान उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया गया। आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया गया। जिलाध्यक्ष बनने के बाद राजेश बजाड़ ने कहा कि वे कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। करीब 40 साल बाद हुए इन चुनावों को लेकर कर्मचारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कर्मचारियों का मानना है कि नई कार्यकारिणी के गठन से उनकी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी और संगठन को नई दिशा मिलेगी।
भाजयुमो की विशेष बैठक आयोजित | 21 अप्रैल को ‘संकल्प दिवस’, सगत सिंह प्रतिमा का अनावरण
Ramavatar Palsania के बयान का जाट महासभा ने किया विरोध | चरण सिंह पर टिप्पणी को लेकर FIR की मांग
APS Academy Play School का भव्य शुभारंभ | विधायक हरलाल सहारण रहे मुख्य अतिथि














