सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने उठाईं रेल सुविधाओं से जुड़ी अहम मांगें
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सांसद बृजेंद्रसिंह ओला ने शुक्रवार को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान शेखावाटी क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने क्षेत्र के लाखों लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें केंद्र सरकार के सामने रखीं। सांसद ओला ने सबसे पहले लोहारू–झुंझुनूं–सीकर रेलखंड के नारी और भावठड़ी स्टेशनों का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि ये स्टेशन मीटर गेज के समय सक्रिय थे। लेकिन ब्रॉडगेज में बदलाव के बाद यहां न तो डबल लाइन है और न ही आधुनिक सिग्नल व्यवस्था, जिसके कारण ये स्टेशन निष्क्रिय हो गए हैं। उन्होंने इन स्टेशनों पर लूप लाइन और आधुनिक सिग्नल सिस्टम विकसित कर फिर से संचालन शुरू करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने लोहारू से जयपुर वाया रिंगस होते हुए सवाई माधोपुर तक दैनिक इंटरसिटी ट्रेन चलाने की मांग रखी। सांसद ने कहा कि इस रूट पर हजारों छात्र, मरीज और व्यापारी रोजाना यात्रा करते हैं, लेकिन सीधी रेल सुविधा के अभाव में उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। तीसरी महत्वपूर्ण मांग के रूप में उन्होंने शेखावाटी क्षेत्र को पूर्वोत्तर भारत से जोड़ने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने अजमेर, जोधपुर, गंगानगर और हनुमानगढ़ से वाया सीकर–झुंझुनूं होकर गुवाहाटी—कामाख्या तक सीधी रेल सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा। इससे पूर्वोत्तर में तैनात सैनिकों, प्रवासी श्रमिकों और श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। सांसद ओला ने सुरक्षा से जुड़ा एक अहम मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि अरड़ावता–नारी रोड पर रेल क्रॉसिंग पर अंडरपास नहीं होने के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर पटरियां पार करनी पड़ती हैं। उन्होंने यहां शीघ्र अंडरपास निर्माण की मांग की, ताकि आमजन का आवागमन सुरक्षित हो सके। सांसद ने उम्मीद जताई कि यदि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई होती है तो झुंझुनूं सहित पूरे शेखावाटी क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का संपर्क देश के अन्य हिस्सों, विशेषकर पूर्वोत्तर राज्यों से और मजबूत होगा।
चूरू महोत्सव 2026 का भव्य समापन | सीमा मिश्रा Live Concert में झूम उठा शहर
चूरू में एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर का समापन | खिलाड़ियों को मिला सम्मान
चूरू के नए एसपी निश्चय प्रसाद एम ने संभाला पदभार | अपराध और नशे पर सख्ती के संकेत














