गुढ़ागौड़जी । झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
थाना क्षेत्र जिले के नंगली दीपसिंह के समीप शुक्रवार अल सुबह ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ। जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। कच्चे रास्ते पर खुले आसमान के नीचे सो रहे एक भोपा परिवार पर अचानक मौत बनकर एक बेकाबू ट्रेलर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते खुशियों से भरा परिवार मातम में बदल गया। जानकारी के अनुसार भोपा समाज के रामस्वरूप और रूड़मल का परिवार गुरुवार शाम को ही नंगली दीपसिंह के पास एक खाली जगह पर आकर रुका था। रोजमर्रा की तरह सभी ने वहीं डेरा डाल लिया।
रात को खाना खाने के बाद बच्चे और महिलाएं जमीन पर चादर बिछाकर खुले में सो गए। किसी को अंदाजा तक नहीं था कि यह रात उनकी जिंदगी की आखिरी रात साबित होगी। परिवार के साथ सो रहे लोगों में सुरेश भोपा की पत्नी होटकी, उसकी 13 साल की बेटी पायल उर्फ मोडी, 6 साल का बेटा संजय, 5 साल का बेटा संजीत, मुन्ना भोपा की 18 साल की बेटी रविना, 13 साल की बेटी प्रियंका, 8 साल का बेटा अनिल और 7 साल का बेटा सुनिल शामिल थे। सभी गहरी नींद में थे। तभी सुबह करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर कच्चे रास्ते पर बेकाबू हो गया और सीधे सो रहे परिवार के ऊपर चढ़ गया। ट्रेलर के नीचे आने से होटकी और उसके साथ सो रहे बच्चे बुरी तरह कुचल गए। जबकि अनिल बच गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत दौड़कर घायलों को संभाला। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस भयावह हादसे में होटकी की 13 वर्षीय बेटी पायल उर्फ मोडी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सभी को तुरंत गुढ़ागौड़जी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां 13 वर्षीय प्रियंका को भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सभी घायलों को झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान होटकी ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह इस हादसे ने एक ही परिवार की मां, बेटी और भांजी की जिंदगी छीन ली। घायलों में चार बच्चे अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इनमें संजय, संजीत और सुनिल की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया है। जबकि रविना का इलाज झुंझुनूं के राजकीय बीडीके अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के तुरंत बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि चालक ने अपने परिजनों को फोन कर बुलाया। जिनकी गाड़ी से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि पीड़ित परिवार का आरोप है कि चालक के परिजन घायलों को अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गए और बाद में उनकी कोई सुध नहीं ली। घटना के बाद शुक्रवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम के लिए गुढ़ागौड़जी पहुंचे तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने भोड़की चौराहे पर जाम लगा दिया। जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। मौके पर पहुंचे गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी सीआई सुरेश रोलन ने समझाइश कर लोगों को शांत किया और जाम खुलवाया। सीआई ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
साथ ही मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हिट एंड डेथ केस ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत और मासूम बच्चों की गंभीर हालत ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध है।
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू

















