एक पक्ष के घायल व्यक्ति की जयपुर में ईलाज के दौरान मौत
खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना थाना क्षेत्र के सुल्ताना अहिरान में शराब पीकर गाली गलौज करने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान आपस में हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी जयपुर में ईलाज के दौरान मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह की होने की बात सामने आई है। थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि सुल्ताना अहिरान निवासी किरण देवी ने रिपोर्ट दी कि शुक्रवार को सुबह सात बजे उसके जेठ का लड़का जोनी व मनीष पुत्र रामस्वरूप, दीपक पुत्र सुभाष, अभिषेक पुत्र सुरेंद्र ने मिलकर उसके पति छोटूराम (38) व बेटे राहुल के साथ लाठी, कुल्हाड़े से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। इस दौरान काफी चोट आने पर उन्हें बुहाना के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां छोटूराम की हालत गंभीर होने पर उसे पहले झुंझुनूं तथा उसके बाद जयपुर रैफर कर दिया। इस दौरान जयपुर के एसएमएस अस्पताल में ईलाज के दौरान रात को उसकी मौत हो गई। मृतक छोटूराम मजदूरी करता था, उसके दो बेटी व एक बेटा है। बड़ी बेटी निशु बीए फाइनल में, बेटा राहुल बीए प्रथम वर्ष में तथा छोटी बेटी धोली सातवीं में पढाई करती है। घटना की सूचना पर सिंघाना पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा पुछताछ में सामने आया कि गुरुवार को बच्चे आपस में खेल रहे थे। इस दौरान आरोपी जोनी ने शराब के नशे में मृतक के बेटे राहुल के साथ गाली गलौज की। जिसके बाद शाम को दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसको आसपास के लोगों ने शांत करवा दिया। इसके बाद दूसरे दिन जोनी, मनीष, दीपक व अभिषेक ने मिलकर राहुल व उसके पिता छोटूराम के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान छोटूराम के सिर में गंभीर चोट आने पर उसे जयपुर ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मृतक की पत्नी की ओर से दी गई रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है, वहीं शव का जयपुर में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश भी की जा रही है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से राहुल व छोटूराम के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दी थी, जिस पर उनका मेडिकल करवाया गया था।
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू

















