सोना दिलाने के नाम पर 7 लाख की ठगी, व्यापारी को बंधक बनाने का मामला
चिड़ावा। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शेखावाटी क्षेत्र में संगठित ठगी और आपराधिक गिरोहों के हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। चिड़ावा थाना पुलिस ने सोना बेचने का झांसा देकर गुजरात के व्यापारी से करीब 7 लाख रुपये की ठगी करने और उसे बंधक बनाकर मारपीट करने के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी सुलताना थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रजनीश डारा और उसका साथी नितिश कुमार पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
सोशल मीडिया से जाल, गुजरात से बुलाया शिकार
पीड़ित मेहुल भाई कातरिया, जो सोना खरीदने-बेचने का काम करते हैं, को फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए आरोपी रजनीश डारा ने संपर्क किया। आरोपी ने 60 ग्राम सोना होने और बैंक में गिरवी होने की बात कहकर सौदा करीब 7 लाख रुपये में तय किया और पीड़ित को चिड़ावा बुला लिया।
गोल्ड लोन के नाम पर लाखों हड़पे
चिड़ावा पहुंचने के बाद आरोपी ने पीड़ित को बैंक ले जाकर गोल्ड लोन जमा कराने के नाम पर 6,66,636 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद कोर्ट स्टांप पर लिखापढ़ी कर विश्वास भी जीत लिया।
खंडहर में ले जाकर बनाया बंधक, जबरन वसूले पैसे
अगले दिन आरोपी पीड़ित को चेक लाने के बहाने एक सुनसान खंडहर में ले गया, जहां पहले से मौजूद 3-4 बदमाशों ने: मोबाइल छीन लिया और करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर रखा तथा मारपीट की और धमकियां दी और फोन-पे के जरिए 37 हजार रुपये और ट्रांसफर करवा लिए इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को बिना नंबर की गाड़ी में डालकर सुनसान रास्तों से होते हुए हाईवे के पास फेंक दिया।
बैंक में दिखे आरोपी, पुलिस ने दौड़ाकर दबोचा
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यूको बैंक पहुंचकर रिकॉर्ड खंगाले। इसी दौरान आरोपी बैंक में ठगी की रकम निकालने पहुंचे, लेकिन पुलिस और पीड़ित को देखकर भागने लगे। लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
हिस्ट्रीशीटर का खौफनाक रिकॉर्ड
मुख्य आरोपी रजनीश डारा पर: हत्या के प्रयास , लूट , मारपीट सहित दो दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस टीम की सतर्कता से खुला राज
थानाधिकारी अम्बिका चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश और ठगी की राशि बरामदगी में जुटी है।
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू

















