झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
झुंझुनूं जिले के बाकरा गांव में एक बार फिर आस्था और संस्कृति का विराट संगम देखने को मिलेगा। श्री श्री 1008 श्री पाला सकलाय दादाजी की 649वीं जयंती के अवसर पर रविवार, 12 अप्रैल 2026 को विशाल रात्रि जागरण एवं मेले का भव्य आयोजन होगा , जिसके लिए पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।दादाजी के पावन धाम पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ शुरू होने वाला यह आयोजन रात्रि 8:30 बजे से पूरी रात भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों से गुंजायमान रहेगा। आयोजकों का दावा है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालु इस धार्मिक महाआयोजन में शामिल होंगे और दादाजी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
भक्ति के सुरों से सजेगी रात, नामी कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
रात्रि जागरण में प्रदेशभर के ख्यातिप्राप्त भजन गायक कलाकार अपनी मधुर आवाज से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो देंगे। लोक संस्कृति और भक्ति संगीत का अनूठा संगम इस आयोजन की खास पहचान रहेगा।विशेष आकर्षण के रूप में सोनू मारवाड़ी की प्रस्तुति और अन्य कलाकारों की रंगारंग भजन संध्या श्रद्धालुओं के लिए यादगार साबित होगी।
दूसरे दिन दंगल में दिखेगा दमखम, आकर्षक इनाम की घोषणा
आस्था के इस महोत्सव के अगले दिन सोमवार, 13 अप्रैल 2026 को दोपहर 3:30 बजे पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता (दंगल) का आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रथम विजेता को 11,000 रूपये नकद पुरस्कार और द्वितीय विजेता को 5,100 रूपये नकद पुरस्कार दिये जायेंगे I इस दंगल में क्षेत्रीय व बाहरी पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले होंगे, जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण बनेंगे।
भव्य तैयारियां, श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान
आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामवासियों और आयोजन समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। पार्किंग, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन समिति के सुरेश खीचड़, राजेन्द्र खीचड़, सतीश खीचड़ (पूर्व सरपंच) एवं समस्त ग्रामवासी बाकरा ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाएं और दादाजी का आशीर्वाद प्राप्त करें।
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू

















