खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राज्य सरकार की बजट घोषणा के अंतर्गत जिले की 14 पंचायत समितियों में विकसित होने वाले नमो वन कार्यक्रम को धरातल पर उतारने को लेकर वन विभाग ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। वन विभाग के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर संबंधित क्षेत्र के वन अधिकारी एवं वनकर्मी इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। चयनित स्थलों को नमो वन के रूप में विकसित करने से क्षेत्र में ना केवल विकास की संभावनाएं बढेगी। बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता की सुरक्षा को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत खेतड़ी के बबाई उप तहसील के धर्मस्थल कुंडा धाम समेत अन्य स्थलों का वन विभाग के अधिकारियों ने दौरा किया। खेतड़ी के क्षेत्रीय वन अधिकारी पवन सिंह शेखावत ने टीम के साथ प्रसिद्ध धर्मस्थल कुंडा धाम का बारिकी से निरीक्षण उसके विकास की संभावनाओं की जानकारी जुटाई। रेंजर शेखावत ने ड्रोन कैमरे का सहारा लेकर इस क्षेत्र की पहाड़ी और वन क्षेत्र के पेड़ पौधों को देखा।कुंडा धाम विकास समिति के सदस्य भक्त लीलाधर कुमावत एवं इतिहासकार गोविंदराम हरितवाल ने कुंडा धाम की महत्ता से अवगत कराते हुए धोबी दह को झील के रूप में विकसित करने तथा बबाई कालोटा मुख्य सड़क मार्ग पर कुंडा धाम का प्रवेश द्वार बनाने का सुझाव दिया। इस अवसर पर रेंजर पवन सिंह शेखावत के साथ सहायक वनपाल मनोज कुमार, वनरक्षक सतबीर सिंह यादव, कुलदीप सिंह और महेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
खेतड़ी में चार नमो वन विकसित होंगे
रेंजर पवनसिंह शेखावत ने बताया कि नमो वन कार्यक्रम के तहत खेतड़ी रेंज में चार नमो वन विकसित किए जाएंगे। जिसमें से खेतड़ी, बुहाना, सिंघाना और बबाई में बनाएं जाने प्रस्तावित है। रेंजर ने बताया कि क्षेत्र में नमो वन के अंतर्गत छायादार, फलदार, फूलदार और वन औषधि से संबंधित विभिन्न प्रकार के पेड़ पौधे तैयार कर इस पहाड़ी क्षेत्र को हरा भरा बनाया जाने के प्रस्ताव बनाए जा रहे हैं। इसके लिए क्षेत्र के लोगों की भी सरकार से पिछले तीन सालों से इस क्षेत्र को विकसित करने की मांग चल रही थी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत तहसील मुख्यालय पर एक पार्क भी विकसित किया जाएगा।
स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाएगा
नमो वन के तहत वातावरण के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य का ध्यान भी रखा जाएगा। यहां आकर युवा और बुजुर्ग सुबह-शाम खुले वातावरण के साथ ताजी हवा ले सकेंगे। इसके लिए खुली जिम, घुमने के लिए ट्रैक, बच्चों के खेलने के लिए प्ले गार्ड भी विकसित करने प्रस्तावित है।
इनका कहना है कि….
नमो वन विकसित करने के लिए क्षेत्र में विभिन्न स्थलों का दौरा किया जा रहा है। उचित क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को देखते हुए विकास कार्य शुरू करवाएं जाएंगे।
— पवन सिंह शेखावत, रेंजर, खेतड़ी
भाजयुमो की विशेष बैठक आयोजित | 21 अप्रैल को ‘संकल्प दिवस’, सगत सिंह प्रतिमा का अनावरण
Ramavatar Palsania के बयान का जाट महासभा ने किया विरोध | चरण सिंह पर टिप्पणी को लेकर FIR की मांग
APS Academy Play School का भव्य शुभारंभ | विधायक हरलाल सहारण रहे मुख्य अतिथि

















