ग्राम पंचायत बनने पर विधायक का नागरिक अभिनंदन
खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी के ढाणी बाढ़ान गांव में मंगलवार को राजकीय पशु अस्पताल भवन के शिलान्यास एवं विधायक के नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विक्रम सिंह शेखावत ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने विधिवत रूप से 46.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय पशु अस्पताल भवन का शिलान्यास किया। इसके पश्चात ढाणी बाढ़ान को ग्राम पंचायत का दर्जा मिलने पर ग्रामीणों द्वारा विधायक का नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक का साफा एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया, वहीं ग्राम पंचायत का दर्जा मिलने की खुशी में ग्रामीणों ने 51 किलो की माला पहनाकर विशेष सम्मान किया। इस दौरान शिवराज सिंह ने ग्रामीणों की ओर से विधायक को मांग पत्र सौंपा, जिसमें गांव में पेयजल समस्या के समाधान के लिए उच्च जलाशय निर्माण, बैंक शाखा खोलने, खेल मैदान में ट्रैक निर्माण, जिम व लाइब्रेरी की स्थापना, राजकीय विद्यालय की चारदीवारी निर्माण तथा श्मशान भूमि में इंटरलॉकिंग सहित विभिन्न विकास कार्यों की मांग रखी गई। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गुर्जर ने कहा कि खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनका प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की हर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को समान प्राथमिकता दी जा रही है। विधायक ने जोर देकर कहा कि क्षेत्र का विकास तभी संभव है जब युवा शिक्षित होंगे और गांवों की सड़कें मजबूत होंगी। उन्होंने बताया कि इन दोनों क्षेत्रों में विशेष निवेश किया जा रहा है और खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र में अब तक सर्वाधिक सड़कों के निर्माण कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिससे गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उन्होंने कहा कि सवा दो साल में खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र में करीब 450 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए हैं, जिनमें 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़कों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि खेतड़ी में सैनिकों के लिए कैंटीन खुलने से पूर्व सैनिकों और जवानों को बड़ी राहत मिली है। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन भी दिया। कार्यक्रम का संचालन रिपुदमन सिंह ने किया। इस अवसर पर फतेह सिंह शेखावत, महेंद्र काजला, ब्रजलाल शर्मा, मेगचंद महला, बबलू अवाना, रघुवीर सिंह, सियाराम शर्मा, ठेकेदार चंदगीराम, प्रभु राजोता, प्रधानाचार्य माया सागवान, जसरापुर मंडल उपाध्यक्ष शिवराज सिंह, कैप्टन पृथ्वी सिंह, मुकेश सिंह, इंद्र सिंह, गोविंद सिंह, सूबेदार श्रीराम सिंह, कर्नल रामोतार सिंह, सुरेंद्र सिंह, तनुज सिंह, ठेकेदार जितेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, रघुवीर सिंह, सूबेदार सुरेश सिंह, सूबेदार महीपत सिंह, सुमेर सिंह, सूबेदार दान सिंह सहित अनेक ग्रामीणजन मौजूद रहे।
भाजयुमो की विशेष बैठक आयोजित | 21 अप्रैल को ‘संकल्प दिवस’, सगत सिंह प्रतिमा का अनावरण
Ramavatar Palsania के बयान का जाट महासभा ने किया विरोध | चरण सिंह पर टिप्पणी को लेकर FIR की मांग
APS Academy Play School का भव्य शुभारंभ | विधायक हरलाल सहारण रहे मुख्य अतिथि














