मॉर्च्युरी के बाहर भिड़े दोनों पक्ष: फौजी पति पर हत्या का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला—पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सच्चाई
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले के धनूरी थाना क्षेत्र के कोलिंडा गांव में 24 वर्षीय विवाहिता सबीना उर्फ सोनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बताने की कोशिश में है। मामला उस समय और गर्मा गया जब रविवार सुबह मॉर्च्युरी के बाहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद मारपीट में बदल गया। जानकारी के अनुसार, सबीना का निकाह करीब ढाई वर्ष पहले कोलिंडा निवासी इकरार खान से हुआ था, जो भारतीय सेना की 16 ग्रेनेडियर्स यूनिट में तैनात है और वर्तमान में कुपवाड़ा में पोस्टेड है। बताया जा रहा है कि इकरार घटना से कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया हुआ था।पीहर पक्ष का आरोप है कि शादी में सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और अन्य सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। आरोप है कि इसी को लेकर सबीना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हत्या है, जिसे अब आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।घटना के बाद धनूरी थाना पुलिस व डिप्टी हरि सिंह धायल जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मलसीसर उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए, जहां तीखी बहस के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। पुलिस ने मौके पर हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव पीहर पक्ष को सौंप दिया है। डिप्टी हरि सिंह धायल ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।अब पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएगी, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
भाजयुमो की विशेष बैठक आयोजित | 21 अप्रैल को ‘संकल्प दिवस’, सगत सिंह प्रतिमा का अनावरण
Ramavatar Palsania के बयान का जाट महासभा ने किया विरोध | चरण सिंह पर टिप्पणी को लेकर FIR की मांग
APS Academy Play School का भव्य शुभारंभ | विधायक हरलाल सहारण रहे मुख्य अतिथि














