हीट वेव के मध्यनजर सभी व्यवस्थाएं रखें माकूल, जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के लिए जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने सभी आधिकारियों को निर्देशित किया कि चिकित्सा संस्थानों पर आने वाले किसी भी मरीज को किसी भी दवा और जांच के लिए परेशान नहीं होना पड़े। उन्होंने आने वाले समय में गमी बढ़ने पर हीट वेव से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और प्रबंधन करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की बकाया आभा आईडी बनाने और आभा आईडी से पर्ची काटने के निर्देश दिए। साथ ही आभा आईडी के प्रमोशन के लिए सभी अस्पताल में क्यूआर कोड प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने सभी समुचित प्राधिकारियों को अपने अपने क्षेत्र में शिशु लिंग परीक्षण की गहनता से निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ पीसीपीएनडीटी मुखबिर योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कर डिकॉय ऑपरेशन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि योजना की जानकारी सभी अधिकारियों कर्मचारियों को आवश्यक रूप से होनी चाहिए। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने सभी मा योजना, जांच और दवा योजना, सुरक्षित मातृत्व सेवाएं, टीकाकरण, मौसमी बीमारियों सहित विभागीय योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए सुधार के निर्देश दिए। सीएमएचओ डॉ. गुर्जर ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना में कम टीआईडी बुक करने वाले संस्थानों के प्रभारियों को इसको बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जेएसवाई एवं लाडो प्रोत्साहन योजना का लाभ नहीं देने की पेंडेंसी को तीन दिन में आवश्यक डॉक्यूमेंट्स मंगवाकर भुगतान कर दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में आरसीएचओ डॉ. दयानंद सिंह ने शिशु और मातृ स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. भंवरलाल सर्वा ने मौसमी बीमारियों और एनसीडी कार्यक्रम की समीक्षा की। डीपीसी डॉ. जितेंद्र सिंह ने एमएनडीवाई की समीक्षा की। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अरुण अग्रवाल ने परिवार कल्याण कार्यक्रम और राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम की समीक्षा की। बैठक में सीएमएचओ ने टीबी कंट्रोल कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए बताया कि सौ दिवसीय टीबी मुक्त अभियान की रिपोर्टिंग प्रति दिन करनी है। पोर्टेबल एक्स रे मशीन से ज्यादा से ज्यादा स्क्रीनिंग की जाए संदिग्ध मिलने पर नॉट मशीन से जांच करवाई जाए। बैठक में बीडीके अस्पताल पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांबू, एसडीएच मलसीसर पीएमओ डॉ. सतवीर सिंह, खेतड़ी पीएमओ डॉ. अक्षत शर्मा, चिड़ावा पीएमओ डॉ. नितेश जांगिड़, डीपीओ डॉ. विक्रम सिंह, सियाराम पूनियां, एसओ सुभाषचंद्र, डीपीसी डॉ. महेश कड़वासरा सहित सभी बीसीएमओ एवं सीएचसी प्रभारी मौजूद रहे।
टीबी मुक्त पंचायत अभियान में जिला प्रदेश स्तर पर हुआ सम्मानित कलक्टर ने दी बधाई
टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत शुक्रवार को जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय अवार्ड समारोह में जिले में 72 परसेंट ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त घोषित करवाने पर जिले को सम्मानित किया गया। यह सम्मान सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर के प्रतिनिधि के तौर पर डीटीओ डॉ. विजय मांजू ने प्राप्त किया। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने जिले को सम्मानित होने पर सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, डीटीओ डॉ. विजय कुमार और पूरे स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी तथा जिले की सभी ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प को पूर्ण करने की बात दोहराई।















