झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
झुंझुनूं प्रगति संघ मुंबई द्वारा संचालित और शहर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में शुमार आदर्श बाल निकेतन (एबीएन) सीनियर सैकंडरी स्कूल चूणा चौक राणी सती रोड ने एक बार फिर शिक्षा जगत में अपनी उत्कृष्टता का लोहा मनवाया है। हाल ही में घोषित राजस्थान बोर्ड की कक्षा 10वीं, आठवीं और पांचवीं की परीक्षाओं में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। इस गौरवशाली उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में एक भव्य मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. अजय कुमार ने गौरवपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। विशेष उपलब्धि यह रही कि परीक्षा में बैठने वाले सभी 28 छात्र-छात्राओं ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की है। स्कूल की मोक्षा स्वामी 97 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल टॉपर बनीं। लक्ष्य केडिया ने 96.83 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सुधांशु जांगिड़ ने 95.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान पर रहे। इसके साथ ही निशांत केडिया (95.67), दैविक मोदी (94.83), और प्रिया तुलस्यान (94) सहित कुल 13 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर विद्यालय और अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया है। बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में केवल 10वीं ही नहीं, बल्कि कक्षा 5वीं और 8वीं में भी विद्यालय का दबदबा रहा। कक्षा 8वीं में कुल 41 विद्यार्थियों में से 31 विद्यार्थियों ने ए ग्रेड हासिल किया। कक्षा 5वीं कुल 38 विद्यार्थियों में से 28 विद्यार्थियों ने ए ग्रेड प्राप्त कर अपनी प्रतिभा सिद्ध की। शानदार परिणामों के उत्साह में आयोजित सम्मान समारोह की विधिवत शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ की गई। स्कूल सचिव परमेश्वरलाल हलवाई ने अपने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में बुलंदियों को छूने के लिए निरंतर प्रयास, अनुशासन और सद्मार्ग पर चलने की आवश्यकता होती है। समारोह के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को साफा व माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले अभिभावकों को भी माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मौजूद अभिभावकों ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के समर्पण की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। प्रिंसिपल डॉ. अजय कुमार ने पूरे रिजल्ट का विश्लेषण प्रस्तुत करते हुए इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के अटूट विश्वास को दिया। इस अवसर पर विद्यालय कार्यकारिणी के अध्यक्ष ताराचंद गुप्ता, एडवोकेट श्रवण केजड़ीवाल, सीए मनीष मित्तल, डॉ. डीएन तुलस्यान, सुनिल तुलस्यान, हरिश तुलस्यान, अमित जगनानी, नरेंद्र वर्मा, संजीव मोदी, श्रीकांत पंसारी, मुकेश गुप्ता और सीए पवन केडिया सहित पूरी प्रबंध समिति ने हर्ष व्यक्त किया। वाइस प्रिंसिपल अनिता महमिया ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की। समारोह में ममता शर्मा, धीरज जैन, रजनी सैनी, विशाल शर्मा, सुमन, सुनिल योगी, अनिल गौड़ और विनय शर्मा सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
चूरू महोत्सव 2026 का भव्य समापन | सीमा मिश्रा Live Concert में झूम उठा शहर
चूरू में एथलेटिक्स प्रशिक्षण शिविर का समापन | खिलाड़ियों को मिला सम्मान
चूरू के नए एसपी निश्चय प्रसाद एम ने संभाला पदभार | अपराध और नशे पर सख्ती के संकेत














