नगर परिषद की अनदेखी पर फूटा लोगों का गुस्सा, बजरी-रोड़ी और सीमेंट मंगवाकर खुद किया सड़क का मरम्मत कार्य

0
53
सुभाष मार्ग पर टूटी सड़क के गड्ढों को अपने खर्चे से बजरी-रोड़ी और सीमेंट डालकर भरते वार्ड नंबर 8 के स्थानीय नागरिक।

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
शहर के वार्ड नंबर 8 स्थित सुभाष मार्ग पर लंबे समय से टूटी पड़ी सड़क और गहरे गड्ढों से परेशान वार्डवासियों ने आखिरकार नगर परिषद की अनदेखी के खिलाफ खुद ही मोर्चा संभाल लिया। सड़क की मरम्मत नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने अपने ही खर्चे से बजरी, रोड़ी और सीमेंट मंगवाकर सड़क के गड्ढों को भर दिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग ने सड़क की सुध नहीं ली। बरसों से टूटी पड़ी सड़क के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गहरे गड्ढों के कारण कई बार वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर परिषद की ओर से मरम्मत का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।स्थिति से परेशान होकर वार्ड के लोगों ने खुद ही समस्या का समाधान करने का निर्णय लिया। पूर्व नगर परिषद कर्मचारी काशम अली, हिमालय डिपार्टमेंट स्टोर के मालिक प्रमोद कुमावत और चाय का ठेला लगाने वाले सुनील सहित अन्य वार्डवासियों ने आपस में सहयोग कर बजरी, रोड़ी और सीमेंट मंगवाया और श्रमदान कर सड़क के खड्डों को भर दिया।स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यह काम नगर परिषद का है, लेकिन मजबूरी में उन्हें खुद आगे आना पड़ा। यदि समय रहते प्रशासन सड़क की मरम्मत कर देता तो आमजन को अपनी जेब से पैसा खर्च कर यह कार्य नहीं करना पड़ता। वार्डवासियों का कहना है कि सुभाष मार्ग शहर का व्यस्त मार्ग है, जहां दिनभर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही रहती है। टूटी सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे नगर परिषद के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

स्थानीय लोगों की मांग:

1- सुभाष मार्ग की सड़क का जल्द स्थायी पुनर्निर्माण किया जाए ,
2- वार्ड नंबर 8 में खराब सड़कों का सर्वे कर मरम्मत करवाई जाए,
3- लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो 

भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान 2026 | कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर

चूरू में बालिका खिलाड़ियों की एथलेटिक्स चयन स्पर्धा | पंच गौरव योजना के तहत ट्रायल

चूरू में गणगौर पर ‘चंद्र गौरजा’ कार्यक्रम | लोकगीत-लोकनृत्य और बणी ठणी प्रतियोगिता

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here