इण्डाली के राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल का अनूठा नवाचार, टॉपर को स्कूटी और गार्गी छात्राओं को चांदी का सिक्का देने की घोषणा

0
2

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
गांवों में सरकारी स्कूलों के प्रति बढ़ते विश्वास और शिक्षा के प्रति जागरूकता की सशक्त तस्वीर इण्डाली में देखने को मिली, जब महात्मा गांधी शहीद घनश्याम राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय द्वारा आयोजित सामुदायिक चौपाल में अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गांव के चौक पर आयोजित इस अनूठे कार्यक्रम में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस नवाचार की थीम “स्कूल चला समुदाय के द्वार” रही, जिसने पूरे गांव को शिक्षा के उत्सव में बदल दिया। कार्यक्रम के दौरान समुदाय की ओर से स्कूल स्टाफ का तिलक लगाकर और मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह उत्साह और अपनत्व से भर उठा।संस्था प्रधान सुरेन्द्र कुमार डूडी ने चौपाल को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य स्पष्ट किए और विद्यालय में दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा शिक्षकों की दक्षता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी देते हुए अभिभावकों से अधिकाधिक बच्चों को राजकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल में प्रवेश दिलाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान डूडी ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक अंक लाकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपये की स्कूटी दी जाएगी, जबकि प्रत्येक गार्गी पुरस्कार प्राप्त छात्रा को चांदी का सिक्का भेंट किया जाएगा। इस घोषणा ने उपस्थित अभिभावकों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह भर दिया।चौपाल में पूर्व सरपंच प्रेम सिंह ने समुदाय की ओर से स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय की पहल को सराहनीय बताया और गांव के प्रत्येक परिवार से बच्चों को सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में भेजने की अपील की। इस अवसर पर व्याख्याता अविता सांगवान ने विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान और कृषि संकाय में उपलब्ध उज्ज्वल करियर संभावनाओं पर प्रकाश डाला, वहीं व्याख्याता सरिता बड़सरा ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। वरिष्ठ अध्यापक सुशील कुमार ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिए जाने का भरोसा दिलाया, जबकि एनटीटी अध्यापिका प्रेरणा कालेर ने बाल वाटिका के माध्यम से बच्चों के समग्र विकास पर जानकारी दी।कार्यक्रम में शाला स्टाफ के साथ सेवानिवृत्त अध्यापक बाबूलाल, रणवीर कांटीवाल, विद्याधर बिकुनिया, भागीरथमल कांटीवाल, गिरधारी लाल, नागरमल कांटीवाल, जमनाधर पाथिर, प्रताप बिकुनिया, विजयपाल महला, मनफुल लाम्बा, ओमप्रकाश कांटीवाल, जगदीश पाथिर, फूलाराम भगत सहित विनोद शिशेन्द्र, आनंद, संदीप, विशाल और वार्ड पंच लक्ष्मी देवी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रधान सुरेन्द्र कुमार डूडी ने समुदाय से अपील करते हुए कहा कि गांव के सभी बालक-बालिकाओं को इण्डाली के राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में प्रवेश दिलाकर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्रदान करें।कार्यक्रम का संचालन प्रदीप बुड़ानिया और बाबूलाल मीणा ने किया।

चूरू के 6 खिलाड़ियों को मिली इंटरनेशनल ब्लैक बेल्ट | कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने किया सम्मान

चूरू में इफ्तार का आयोजन | रोजेदारों ने की देश में शांति और खुशहाली की दुआ

चूरू में विप्र महिला मंडल का महिला दिवस समारोह | प्रेरणादायक महिलाओं का सम्मान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here