श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट, प्रशासन ने की विशेष व्यवस्थाएं
चूरू। जिला मुख्यालय के तारानगर रोड स्थित शीतला माता मंदिर में 11 मार्च को शीतला अष्टमी के अवसर पर पारंपरिक मेले का आयोजन होगा। मेले को लेकर मंगलवार को प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।ट्रैफिक पुलिस के अनुसार मेले के दौरान गोयनका स्कूल से वीर हनुमान मंदिर तक सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही बंद रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्था सुचारू बनी रहे।शीतला माता मंदिर प्रबंध कार्य समिति के अध्यक्ष रामावतार सैनी ने बताया कि मेले को लेकर कार्यकारिणी की बैठक में सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। मंदिर परिसर में रात को जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद रात 2 बजे से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कर दिए जाएंगे।मेले के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी और मंदिर समिति के सदस्य अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगे। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।गौरतलब है कि चूरू शहर में व्यायामशाला के सामने स्थित शीतला माता मंदिर शहर का प्रमुख मंदिर है, जहां हर वर्ष शीतला अष्टमी पर बड़ा मेला भरता है। मंदिर का निर्माण भगवानदास बागला द्वारा भादवा शुक्ला नवमी संवत 1950 में करवाया गया था।













