स्कूल के छात्र हार्दिक सिंघल ने ऑल इंडिया 44वीं रैंक प्राप्त की
चिड़ावा । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
डालमिया विद्या मंदिर चिड़ावा के प्रतिभाशाली छात्र हार्दिक सिंघल ने जनवरी 2026 में आयोजित चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) फाइनल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 44 प्राप्त कर विद्यालय, अपने परिवार एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य शक्ति सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि हार्दिक सिंघल की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प का परिणाम है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। प्रधानाध्यापिका नमिता चौधरी ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हार्दिक सिंघल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। हार्दिक सिंघल की इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय, उनके शिक्षकों और माता-पिता का विशेष योगदान रहा है। उनके शिक्षकों ने सदैव उनका मार्गदर्शन करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के सभी शिक्षकों ने हार्दिक के निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभाशीष प्रदान किया।













