कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग को भी भेंट की पुस्तक
झुंझुनू । अजीत जांगिड़
स्थानीय नगर नरेश बालाजी मंदिर के प्रांगण में आयोजित फूलों की होली के आध्यात्मिक उत्सव के दौरान लेखिका यशोदा देवी हलवाई धर्मपत्नी परमेश्वर हलवाई द्वारा रचित नवीन पुस्तक उच्च विचार-आदर्श व्यक्तित्व-सुखी जीवन का भव्य विमोचन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संतश्री हरिशरण जी महाराज ने पुस्तक का अनावरण करते हुए इसे समाज के लिए एक संस्कार सरिता बताया। विमोचन के अवसर पर कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, उनकी धर्मपत्नी ममता गर्ग, उनकी माताजी लक्ष्मी गर्ग, उनके साले एवं सलहज सावित्री महेशचंद्र गुप्ता को भी पुस्तक की प्रति भेंट की गई। डॉ. गर्ग ने पुस्तक के विषयों की गहनता और लेखिका के सकारात्मक दृष्टिकोण की खुले मन से सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों और युवाओं को सही दिशा दिखाने में यह पुस्तक मील का पत्थर साबित होगी। श्रीमती यशोदा देवी हलवाई धर्मपत्नी श्री परमेश्वर हलवाई की यह कृति पारिवारिक मूल्यों, राष्ट्रीयता, मानवता और आध्यात्मिकता जैसे विषयों पर केंद्रित है। लेखिका के अनुसार, इस पुस्तक का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को सुसंस्कारी बनाना और समाज में सकारात्मक विचारों का प्रसार करना है। इसमें जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे—स्वास्थ्य, सेवा, संस्कार और संस्कृति पर विशेष प्रकाश डाला गया है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर लेखिका यशोदा देवी हलवाई, उनके पति परमेश्वर हलवाई, सुपुत्र मुकेश हलवाई, सुपुत्रवधू रेखा हलवाई, पौत्री युविका हलवाई, सास तारामणि देवी हलवाई धर्मपत्नी स्व. सत्यनारायण हलवाई जिन्हें पुस्तिका सादर समर्पित की गई है। सहित समस्त परिवारजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मंदिर के भक्तिमय वातावरण और फूलों की होली की सुगंध के बीच इस साहित्यिक उत्सव ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के ट्रस्टी श्रवण केजड़ीवाल, डॉ. डीएन तुलस्यान, सीए पवन केडिया भी उपस्थित थे। विदित है कि परमेश्वर हलवाई श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के ट्रस्टी भी हैं।















