झुंझुनू । अजीत जांगिड़
रंगों के पावन पर्व होली के शुभ अवसर पर लघु उद्योग भारती शाखा झुंझुनूं के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग से उनके निज निवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उद्यमियों ने कलेक्टर को होली की मंगलमय शुभकामनाएं दीं। भेंट के दौरान जिले के औद्योगिक विकास और स्थानीय लघु उद्योगों की वर्तमान स्थिति पर संक्षिप्त चर्चा हुई। जिला कलेक्टर डॉ. गर्ग ने सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया और जिले में औद्योगिक खुशहाली व आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के प्रमुख सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिनमें लघु उद्योग भारती की झुंझुनूं शाखा के सचिव सुरेंद्र केडिया, संरक्षक डॉ. डीएन तुलस्यान, सीएम पवन केडिया, अशोक केडिया नीटू तथा सीकर शाखा के सदस्य संजय मोर शामिल थे। सीकर से आए संजय मोर की उपस्थिति ने इस भेंट को दो पड़ौसी जिलों के उद्यमियों के बीच समन्वय और संवाद का माध्यम भी बनाया। पदाधिकारियों ने प्रशासन द्वारा उद्योगों को दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. गर्ग ने सभी को होली की बधाई देते हुए जिले की सुख-समृद्धि की कामना की और उद्यमियों से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।















