अब गौवंश की जल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा, 125 साल पुरानी गौशाला के विकास को मिले नए पंख, आवास नवीनीकरण और जल व्यवस्था के लिए आगे आए सीए दीनबन्धु जालान
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले की लगभग 125 वर्ष पुरानी और गौसेवा को समर्पित श्री गोपाल गौशाला में गौभक्तों के सहयोग से विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। गौमाता के लिए पेयजल की सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, स्वर्गीय चंद्रकला देवी जालान धर्मपत्नी स्वर्गीय बिड़दीचंद जालान की पुण्य स्मृति में उनके सुपुत्र झुंझुनूं निवासी मुंबई प्रवासी भामाशाह सीए दीनबंधु जालान के सौजन्य से बोरिंग का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। गौशाला अध्यक्ष प्रमोद खंडेलिया एवं मंत्री प्रदीप पाटोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि बीबानी धाम के सामने गौशाला के हॉस्पिटल एरिया के बाहर लगभग 600 फुट गहरा पाताल तोड़ बोरिंग करवाया गया है। हर्ष का विषय है कि गौमाता की कृपा से इस बोरिंग में पीने योग्य मीठा और पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हुआ है। जिससे गौवंश की जल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। विदित रहे कि सीए दीनबंधु जालान गौशाला के विकास में निरंतर अपना योगदान दे रहे हैं। बोरिंग के साथ-साथ उनके सौजन्य से गौशाला में एक गौ-आवास का नवीनीकरण कार्य भी लगभग पांच लाख रुपए की लागत से प्रगति पर है।
भामाशाहों का समर्पण और पारदर्शी प्रबंधन
गौशाला प्रबंधन ने झुंझुनूं की धरा के प्रवासी भामाशाहों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झुंझुनू के भामाशाह न केवल गौशाला, बल्कि अन्य सामाजिक संस्थाओं में भी तन-मन-धन से सहयोग कर रहे हैं। गौशाला प्रबंध कमेटी की पारदर्शिता और भामाशाहों के अटूट विश्वास के कारण ही विगत वर्षों में यहां लगातार नवाचार और विकास कार्य संभव हो पाए हैं। गौशाला प्रबंध कमेटी का संकल्प है कि भामाशाहों के पाई-पाई का सदुपयोग केवल गौसेवा और गौशाला के उत्थान में ही हो, ताकि यहां रहने वाले गोवंश को हर संभव सुख-सुविधा मिल सके। इस अवसर पर गौशाला कार्यकारिणी के सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भामाशाहों का यही जुड़ाव गौशाला को आत्मनिर्भर बना रहा है। बोरिंग शुरू होने के साथ ही गौशाला में गौवंश के लिए पानी की उपलब्धता अब और भी आसान हो गई है।
चूरू की पुरानी होली v/s आज की होली | Girish Bhavnani ने खोली यादों की पोटली । Interview
परिवहन विभाग के खिलाफ बस ऑपरेटर्स का प्रदर्शन
स्वच्छता अब संस्कार बन चुकी है: केके गुप्ता | चूरू में प्रेसवार्ता, मोदी सरकार की मुहिम पर जोर
चूरू में छात्राओं को पुलिस ने सिखाए आत्मरक्षा के गुर | कालिका टीम का महिला जागरूकता अभियान













