झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
संयुक्त व्यवस्था परिषद की महत्वपूर्ण बैठक जयपुर स्थित जेएमसी बिल्डिंग में परिषद के अध्यक्ष कमल कुमार मीणा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विद्युत निगमों में कार्मिकों के साथ हो रहे हादसों की रोकथाम तथा कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में राजस्थान सरकार द्वारा मनोनीत सदस्यों ने निगमों में कार्यरत कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा। बैठक में झुंझुनूं से कर्मचारी नेता एवं संयुक्त व्यवस्था परिषद के सदस्य के रूप में सुरेश कुमार शर्मा ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने अजमेर डिस्कॉम में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया। सुरेश शर्मा ने मांग की कि सभी तकनीकी कर्मचारियों को उच्च गुणवत्ता के सुरक्षा उपकरण नियमित रूप से उपलब्ध करवाए जाएं। इसमें वर्ष में एक बार प्लायर, पेचकस, दस्ताने, हेलमेट, सेफ्टी शूज, रेनकोट, अर्थिंग चैन, स्पेनर सेट और मेडिकल किट सहित सभी आवश्यक सुरक्षा सामग्री समय पर देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा उन्होंने प्रत्येक तीन माह में जिला मुख्यालय स्तर पर सुरक्षा एवं समस्याओं के समाधान हेतु कैंप आयोजित करने की मांग रखी। ताकि स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण हो सके। उन्होंने तकनीकी कर्मचारियों को हार्ड ड्यूटी एलाउंस देने तथा 33 केवीए जीएसएस पर ठेका प्रथा के तहत कार्मिकों की नियुक्ति निगम की शर्तों के अनुसार सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।
सकारात्मक रुख का आश्वासन
बैठक में प्रशासन ने कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में परिषद के सचिव दयाराम गुर्जर, विभिन्न डिस्कॉम के उपनिदेशक (कार्मिक) एवं राजस्थान सरकार द्वारा मनोनीत सदस्य उपस्थित रहे। अजमेर डिस्कॉम से सुरेश कुमार शर्मा, जोधपुर डिस्कॉम से महेंद्र सैनी, जयपुर डिस्कॉम से अजय सक्सेना, राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम से यतेंद्र कुमार एवं बाबूलाल नागर तथा राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम से रमेश कुमार व गणेश प्रसाद सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक को ऊर्जा विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा और अधिकारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
परिवहन विभाग के खिलाफ बस ऑपरेटर्स का प्रदर्शन
स्वच्छता अब संस्कार बन चुकी है: केके गुप्ता | चूरू में प्रेसवार्ता, मोदी सरकार की मुहिम पर जोर
चूरू में छात्राओं को पुलिस ने सिखाए आत्मरक्षा के गुर | कालिका टीम का महिला जागरूकता अभियान












