हनुमानगढ़ टाउन में पहली बार श्री बाबा खाटू श्याम जी की सत्य स्कंदपुराणोक्त कथा, भव्य कलश व ध्वज शोभायात्रा के साथ शुभारंभ

0
102

18 से 22 फरवरी 2026 तक फाटक गोशाला में होगा आयोजन, श्रद्धा-भक्ति से सराबोर हुआ नगर

हनुमानगढ़। हिमांशु मिढ्ढा
टाउन की पावन धरा पर पहली बार श्री बाबा खाटू श्याम जी की सत्य स्कंदपुराणोक्त कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक आयोजन का शुभारंभ आज भव्य कलश व ध्वज शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा टाउन की नई धान मंडी स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात निकाली गई। इस अवसर पर यजमान मनोज पारीक, प्रेम तावनिया एवं मुरलीधर गर्ग ने सपत्नीक पूजा में भाग लिया। पंडित विपिन बिहारी शास्त्री एवं पंडित राम नारायण शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया गया तथा आरती के बाद शोभायात्रा को विधिवत रूप से रवाना किया गया। फूडग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल, पूर्व अध्यक्ष नरोत्तम सिंगला, सचिव दलीप ढिल्लो एवं पूर्व सचिव सन्नी जुनेजा ने आरती कर हरि झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। कलश व ध्वज शोभायात्रा टाउन के मुख्य बाजारों और मार्गों से होती हुई कथा स्थल फाटक गोशाला पहुंची। यात्रा के दौरान सेकड़ो की संख्या में श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर व ध्वजा उठाकर भजन-कीर्तन करते हुए पूरे नगर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह धार्मिक उल्लास से भर गया। फाटक गोशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि यह पावन आयोजन 18 फरवरी 2026 से 22 फरवरी 2026 तक फाटक गोशाला, बरकत कॉलोनी, किले के पास, हनुमानगढ़ टाउन में गौमाता के पावन सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि इस दिव्य कथा का वाचन प्रसिद्ध कथा व्यास के.पी. लाटा द्वारा किया जाएगा, जो मोरछड़ी दरबार पदमपुर के निज सेवक हैं। उनकी ओजस्वी, भावपूर्ण एवं भक्तिरस से परिपूर्ण वाणी से श्रद्धालु श्री बाबा खाटू श्याम जी की महिमा का रसपान कर सकेंगे। अग्रवाल ने यह भी बताया कि हनुमानगढ़ में पहली बार इस प्रकार की सत्य स्कंदपुराणोक्त कथा का आयोजन हो रहा है, जो नगर के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके साथ-साथ श्रद्धालुओं को श्री गौमाता की दिव्य कथा के श्रवण का भी पुण्य लाभ प्राप्त होगा।आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन को सफल बनाएं और पुण्य लाभ अर्जित करें।

चूरू जिला परिषद में ACB की बड़ी कार्रवाई | कनिष्ठ सहायक 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

चूरू में निजी बस यूनियन का परिवहन विभाग के खिलाफ मोर्चा | 23 फरवरी से आंदोलन की चेतावनी

चूरू एलिवेटेड रोड पर सियासत तेज | सांसद राहुल कस्वां ने BJP को घेरा, पंखा सर्किल से जोड़ने की मांग

सरदारशहर अस्पताल निर्माण को लेकर विरोध तेज | 50 करोड़ के प्रोजेक्ट पर जनता का प्रदर्शन

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here