चिड़ावा के निजामपुरा में तोड़फोड़ मचाने का मामला

0
4

सिंघाना थाने के हिस्ट्रीशीटर समेत तीन पर ईनाम घोषित

चिड़ावा । झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
क्षेत्र में ज़मीन पर अवैध कब्जा करने की नियत से की गई सुनियोजित आपराधिक वारदात के मामले में फरार तीन बदमाशों पर झुंझुनूं पुलिस ने ईनाम घोषित किया है। जानकारी के अनुसार 13–14 दिसंबर 2025 की दरम्यानी रात करीब दो बजे भारी मशीनरी और हथियारों से लैस लोगों के एक बड़े समूह ने रिहायशी मकानों पर धावा बोलकर चार मकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया था।

इस मामले में पीड़ित परिवादी मूलचंद माली ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया था कि वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। तभी अचानक जेसीबी, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों की तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलते ही हथियारबंद लोगों ने मकान खाली करने की धमकी दी। आरोप है कि हमलावरों के पास पिस्टल, देशी कट्टे, कुल्हाड़ियां, बरछियां और लोहे की रॉड थीं। इसके बाद तीन जेसीबी मशीनों ने मकान की चारदीवारी तोड़ते हुए अंदर घुसकर चार पक्के कमरे और शौचालय-बाथरूम को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। तोड़फोड़ के दौरान घर में रखा सामान भी नष्ट कर दिया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर जाते-जाते पानी की मोटर, करीब 1.5 लाख रुपये नकद, जेवरात और अन्य कीमती सामान भी साथ ले गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। सुबह दोबारा मौका-मुआयना कर साक्ष्य जुटाए गए।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस कार्रवाई में अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर-लोडर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, लोहे के पिलर, कांटेदार तार के बंडल तथा एक कार जब्त की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। तीन वांछित आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है। इनमें सिंघाना थाने का हिस्ट्रीशीटर घरड़ाना निवासी जयवीर पुत्र रोहिताश्व जाट पर 20 हजार रूपए, अरड़ावता निवासी प्यारेलाल पुत्र महावीर जाट पर 15 हजार रूपए तथा गिडानिया निवासी सुरेंद्र पुत्र पितराम जाट पर पांच हजार रूपए का ईनाम घोषित किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्यारेलाल के खिलाफ 10 और जयवीर के खिलाफ 22 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि यह मामला ज़मीन पर अवैध कब्जा करने के सुनियोजित प्रयास से जुड़ा प्रतीत होता है और पूरे घटनाक्रम में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी सूचना तुरंत पुलिस को दें। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है और पीड़ित परिवार ने सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खेजड़ी बचाओ कानून की मांग, RLP व युवा क्रांतिकारी मंच का चूरू में बड़ा प्रदर्शन

चूरू में यूजीसी कानून के विरोध में बड़ा प्रदर्शन, पंचायत समिति से कलेक्ट्रेट तक रैली

फरवरी में चूरू के 21 थानों की होगी सघन समीक्षा, एसपी करेंगे औचक निरीक्षण

भालेरी में जलभराव पर बवाल, चक्का जाम की चेतावनी के बाद कंपनी ने दिया समाधान का आश्वासन

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here