
चूरू। अखिल भारतीय किसान सभा ने मूंग और मूंगफली के समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए पोर्टल फिर से खोलने की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सामने धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम अति. जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा। अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन टिकैत और अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने इस मांग का समर्थन किया। पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार को किसानों के हित में यह पोर्टल तुरंत खोलना चाहिए। किसान सभा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट इन्द्राज सिंह ने बताया कि 18 अक्टूबर को पोर्टल केवल एक दिन के लिए खुला और उसके बाद बंद हो गया। किसान ई-मित्र केंद्रों पर कतारों में खड़े रहे, लेकिन पंजीकरण बंद होने और टोकन नहीं मिलने से उन्हें निराशा हुई। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष रामरतन सिहाग ने कहा कि सरकार ने पोर्टल बंद कर किसानों के साथ विश्वासघात किया है। इससे किसान ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और समर्थन मूल्य से वंचित हो जाएंगे। उन्हें अपनी फसल को बाजार में औने-पौने दामों पर बेचना पड़ रहा है। जिससे व्यापारियों द्वारा ठगी का शिकार होने की आशंका है। सिहाग ने यह भी बताया कि रबी फसल के समय सरकार किसानों को खाद, बीज और उर्वरक उपलब्ध नहीं करवा पा रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पोर्टल बंद होने पर भी उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। इस अवसर पर किसान सभा के दीपाराम प्रजापत, हरचंदराम, हरफूल सिंह भाम्बू, रणवीर सिंह कस्वां, रामलाल सहारण, प्रकाश लाम्बा, धर्मपाल सहारण, रामनिवास भांबू, हनुमान प्रसाद शर्मा, भंवर सिंह, देवकरण डेडवाल, नारायणराम कड़वासरा, गुमानाराम मांझू, देवकरण जांगिड़, अमरचन्द शर्मा, मनीराम, रेखाराम, गिरधारीलाल, पूर्णाराम, चुन्नाराम, लालचन्द, रामनिवास व शुभकरण सहित अनेक किसान मौजूद थे।












