जयपुर में गुलाबो पद्मश्री महोत्सव-2026 के दौरान पद्मश्री गुलाबो सपेरा ने किया सम्मानित, उग्रसेन तंवर ने सम्मान बेटियों, पोतियों और बहनों को किया समर्पित
जयपुर। राजस्थान की लोक कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान के लिए फिल्म अभिनेता और निर्देशक उग्रसेन तंवर को ‘लोक कला रत्न सम्मान’ से अलंकृत किया गया। गुलाबो सपेरा नृत्य एवं संगीत संस्थान की ओर से राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), जयपुर में आयोजित ‘गुलाबो पद्मश्री महोत्सव-2026’ के दौरान पद्मश्री गुलाबो सपेरा ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। उग्रसेन तंवर को यह सम्मान उनकी कला प्रतिभा, कला साधना और लोक संस्कृति के प्रति समर्पण के साथ-साथ राजस्थान की समृद्ध लोक कला, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार में उनके योगदान के लिए दिया गया।
सम्मान बेटियों, पोतियों और बहनों को किया समर्पित
सम्मान प्राप्त करने के बाद उग्रसेन तंवर ने इसे अपनी बेटियों, पोतियों और बहनों को समर्पित किया। उनके इस समर्पण को कला और परिवार के प्रति उनके भावनात्मक जुड़ाव के रूप में देखा गया।
राजस्थानी फिल्म ‘हमारी बेटियां’ का किया निर्माण
उल्लेखनीय है कि उग्रसेन तंवर हाल ही में राजस्थानी फिल्म ‘हमारी बेटियां’ का निर्माण कर चुके हैं। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उनके इस प्रयास के साथ लोक कला और संस्कृति के प्रति उनकी सक्रियता भी चर्चा में रही है।‘लोक कला रत्न सम्मान’ से सम्मानित किए जाने पर उग्रसेन तंवर को कला जगत और उनके शुभचिंतकों की ओर से बधाइयां दी जा रही हैं।













