सिंघाना के गुजरवास वार्ड में चुनावी रंजिश का मामला, सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंचे; धरना देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

सिंघाना। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
सिंघाना नगरपालिका चुनाव के परिणाम आने के बाद गुजरवास वार्ड में मतदान को लेकर विवाद सामने आया है। एक महिला ने कुछ लोगों पर चुनाव में उनके पक्ष में वोट नहीं देने की बात को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीण सिंघाना थाने पहुंचे और धरना देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता के अनुसार 14 सितंबर की रात करीब आठ बजे प्रितम पुत्र यादराम सहित कुछ लोग उसके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने चुनाव में उनके पक्ष में मतदान नहीं करने की बात को लेकर उसके साथ मारपीट की। विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद वह और उसके परिजन भयभीत हो गए। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चुनाव के दौरान भी उस पर एक पक्ष के समर्थन में वोट देने को लेकर दबाव बनाया जा रहा था।
चुनाव परिणाम आने के बाद इसी बात को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ। घर में घुसकर मारपीट और धमकी के आरोप से वार्ड में भी माहौल गर्मा गया । घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित होकर सिंघाना थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने थाने में धरना देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना था कि चुनावी विवाद को लेकर किसी व्यक्ति को डराने-धमकाने अथवा उसके साथ मारपीट करने की शिकायत को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। पीड़िता की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धरने के दौरान पूर्व सरपंच जगदीश गुर्जर, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष केसी गुर्जर, बुधराम, रोहिताश, राजेंद्र, शेर सिंह, रामचंद्र, जयदयाल, सुनील, प्रदीप, दिनेश कुमार, राजवीर, भूपसिंह, प्रकाश, रवि, प्रदीप, कपिल, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।












