लंदन वाली ‘घूमर 2025’ को सुरमयी शाम बनाने टीम कुरजा पहुंची लंदन
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राजस्थानी संस्कृति और घूमर की ताल में खोने के लिए लंदन तैयार है। राजस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट यूके (आरसीटी यूके) की ओर से घूमर 2025 का आयोजन किया जा रहा है। जो न केवल यूरोप का सबसे बड़ा राजस्थानी उत्सव होगा। बल्कि एक ऐसा रंगीन आयोजन भी होगा जो भारतीय संस्कृति, परंपरा और उल्लास को जीवंत करेगा। यह भव्य पर्व 20 सितंबर को लंदन में आयोजित किया जाएगा। राजस्थान के अंतर्राष्ट्रीय कलाकार संजय मुकुंदगढ़, मनीषा सैनी और की बोर्ड प्लेयर हेमंत डांगी लंदन पहुंचे। जहां हीथ्रो एयरपोर्ट पर टीम आरसीटी यूके के सदस्य राजस्थानी पगड़ी और गुलदस्तों के साथ पलक पांवड़े बिछाकर पहले ही तैयार थे। हवाईअड्डे पर कलाकारों का स्वागत सुरजीत सिंह ढाका, हनवंत सिंह राजपुरोहित, दीपक शर्मा, मानवेंद्र सिंह, निर्मल बबेरवाल, चारुलता राजपुरोहित, डेजी ढाका और यश्वी राजपुरोहित ने किया। कलाकारों के आगमन के साथ ही घूमर 2025 की तैयारियां पूर्ण हुई। टीम आरसीटी यूके के प्रतिभाशाली वोलिंटियर्स पिछले एक माह से दिल-ओ-जान से इस आयोजन को सफल बनाने में लगे हुए हैं। अब सभी को बेसब्री से इंतजार है शनिवार का जब लंदन की धरती घूमर की ताल पर ठुमकेगी।