जरूरतमंद को सामाजिक सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हमारी सरकार : मुख्यमंत्री

0
879

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा जरूरतमंद व्यक्ति का अधिकार है। राज्य सरकार प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने देश में शिक्षा का अधिकार, रोजगार का अधिकार, खाद्य सुरक्षा का अधिकार देकर इस दिशा में कदम बढ़ाया था। हमारा प्रयास है कि प्रदेश में लोगों को स्वास्थ्य का अधिकार भी मिले। श्री गहलोत रविवार को गोविंददेव जी मंदिर में ट्रस्ट की ओर से सरकारी संस्कृत विद्यालयों के विद्यार्थियों को निशुल्क गर्म वस्त्र वितरित कर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऎसे कार्यक्रमों से पूरे समाज को मानव सेवा की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मंदिर ट्रस्ट सहित अन्य सेवाभावी संस्थाएं सामाजिक सरोकारों से जुडे़ ऎसे कार्यक्रम बडे़ स्तर पर आयोजित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत देववाणी है और राजस्थान में संस्कृत के उच्च कोटि के विद्वान हुए हैं। राज्य सरकार ने प्रदेश में संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए सदैव प्रयास किए हैं। मुख्यमंत्री के रूप में मेरे पहले कार्यकाल में हमारी सरकार ने जयपुर में संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना की थी। वर्तमान में प्रदेश में करीब 2 लाख विद्यार्थी संस्कृत विषय का अध्ययन कर रहे हैं। श्री गहलोत ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने शनिवार की अपनी अहमदाबाद यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के सत्य साईं अस्पताल के साथ राज्य सरकार ने एमओयू किया है। इस अस्पताल में प्रदेश के हृदय में छेद एवं वाल्व की बीमारी से ग्रसित बच्चों को निशुल्क उपचार, आवास एवं भोजन की सुविधा प्राप्त हो रही है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के किसी बच्चे को इलाज के अभाव में अपनी जान नहीं गंवानी पडे़।
मुख्यमंत्री ने समाज सेवा के इस पुनीत कार्य के आयोजन के लिए गोविंददेव जी मंदिर ट्रस्ट एवं महंत श्री अंजन गोस्वामी को धन्यवाद दिया। उन्होंने इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट की नई वेबसाइट का लोकार्पण एवं पोस्टर का विमोचन भी किया।मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री कर्मयोगी के रूप में लगातार फैसले ले रहे हैं। मानवता की सेवा की दिशा में वे सदैव प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि गोविंद देवजी मंदिर का अपना आध्यात्मिक महत्व है। जयपुर के लोगों का इस मंदिर से विशेष जुड़ाव है।इससे पहले मुख्यमंत्री ने गोविंद देवजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर विधायक श्री अमीन कागजी, पूर्व महापौर श्रीमती ज्योति खण्डेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संत-महंत, स्कूली विद्यार्थी एवं आमजन उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here